मंगलवार को भी पानी के लिए परेशान रहे लोग
नगर में एक दिन छोड़कर भी नहीं मिल पा रहा है पानी
थाना बाजार और पनीउडियार में दो दिन से नहीं आया पानी
अल्मोड़ा। नगर में पिछले तीन दिनों से पेयजल संकट काफी गहरा गया है। कुछ इलाकों में दूसरे दिन भी पानी नहीं आया, जबकि कई मोहल्लों में लोगों को तीन दिन से पानी उपलब्ध नहीं हो सका है। लोगों को पानी के लिए काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
दो दिन पूर्व रविवार दोपहर बाद हुई बारिश से नगर में पेयजल संकट फिर पैदा हो गया है। जल स्रोतों और नौलों में पानी भरने पहुंच रहे लोग जल संस्थान की अव्यवस्थाओं से काफी खिन्न नजर आए। लोगों का कहना है कि कामकाज छोड़कर उन्हें पानी के लिए दौड़ना पड़ रहा है। एक तरफ लोगों को पानी की किल्लत हो रही है तो दूसरी ओर जल संस्थान हर साल पानी के बिलों में 15 प्रतिशत की वृद्धि कर रहा है। मंगलवार को भी बाजार, डुबकिया, मकेड़ी, एनटीडी, मालरोड, चंपानौला, थपलिया में पानी की किल्लत रही। जबकि थाना बाजार और पनीउडियार में पिछले दो-तीन दिनों से पानी नहीं आया है। एसएसजे परिसर के छात्रावासों समेत कुछ इलाकों में टैंकरों से पानी की आपूर्ति की गई। जल संस्थान के अधिकारियों का कहना है कि कभी बाढ़ तो कभी बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो पाने के कारण कोसी से प्रचुर मात्रा में पानी लिफ्ट नहीं हो पा रहा है जिससे पेयजल समस्या पैदा हो रही है। बारिश नहीं हुई तो पेयजल समस्या जल्द दूर हो जाएगी। फिलहाल जिन क्षेत्रों में सोमवार को पानी नहीं आया वहां आपूर्ति की जा रही है।
इन्सेट
कांग्रेस कार्यकर्ता आज करेंगे अधिशासी अभियंता का घेराव
अल्मोड़ा। पेयजल आपूर्ति नहीं होने और नगर की जनता को हो रही दिक्कतों को देखते हुए नगर कांग्रेस कमेटी ने बुधवार 21 जून को जल संस्थान के अधिशासी अभियंता का घेराव करने का एलान किया है। नगर कांग्रेस अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से दोपहर 12 बजे अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचने को कहा है।
--------------------
फोटो- 20एएलएम01पी तथा 02पी