पालिका कर्मियों को दो माह से नहीं मिला वेतन
अल्मोड़ा। नगर पालिका के 282 कर्मचारियों को दो माह से अधिक समय से वेतन नहीं मिला है। इससे कर्मचारियों को अपने बच्चों के लिए ड्रेस और कॉपी किताब आदि खरीदने में भी दिक्कत आ रही है। निकाय कर्मचारी महासंघ ने पालिका से कर्मचारियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए वेतन आदि का जल्द से जल्द भुगतान कराने की मांग की है।
नगर पालिका में 90 स्टाफ कर्मचारी और 192 सफाई कर्मचारी लगाकर कुल 282 कर्मचारी कार्य करते हैं। हर माह पालिका द्वारा कर्मचारियों के वेतन आदि में 72 लाख रुपया खर्च किया जाता है, लेकिन इस बार कर्मचारियों को अप्रैल माह से वेतन नहीं मिला है। नया शिक्षा सत्र शुरू होने के कारण इन दिनों कर्मचारियों को दोहरी मार से जूझना पड़ रहा है। एक ओर घर का खर्चा चलाने की समस्या तो दूसरी ओर स्कूल में बच्चों के एडमिशन से लेकर उनकी फीस, ड्रेस और कापी किताब आदि का खर्चा हो रहा है। निकाय कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष भूपेंद्र कुमार जोशी ने बताया कि यह अप्रैल से जून तक का महीना बच्चों के एडमिशन से लेकर फीस और कॉपी, किताब आदि पर खर्च करने का महीना होता है, लेकिन कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलने से काफी दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने बताया कि वेतन के संबंध में पालिकाध्यक्ष को भी ज्ञापन दिया जा चुका है। उन्होंने पालिका से कर्मचारियों के वेतन आदि का जल्द से जल्द भुगतान करने की मांग की है। ब्यूरो