शपथ ग्रहण समारोह में परेड करते जवान।
- फोटो : अमर उजाला
कदम-कदम बढ़ाए जा, खुशी के गीत गाए जा जैसी देशभक्ति गीतों की स्वरलहरियों के बीच कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र के 289 जवान देश की आन, बान और शान की शपथ लेकर विधिवत रूप से थल सेना का अंग बन गए। सोमनाथ मैदान में भव्य परेड और ड्रिल के बीच धर्मगुरुओं ने नव प्रशिक्षित जवानों को शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि केंद्र के कमांडेंट ब्रिगेडियर जीएस राठौर ने केआरसी के इतिहास पर चर्चा की और देश की सीमाओं की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान से भी पीछे नहीं हटने का आह्वान किया।
ऐतिहासिक सोमनाथ मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कमांडेंट ब्रिगेडियर जीएस राठौर ने कहा कि नव प्रशिक्षित जवानों के लिए यह यादगार दिन है। नौ महीने के कठिन प्रशिक्षण के बाद जवान अब विधिवत सेना का अंग बन गए हैं, उन्हें अपने कर्तव्यों का ईमानदारी के साथ निर्वहन करना होगा और केआरसी की शौर्य और पराक्रम की गौरवशाली परंपरा को जीवित रखना होगा। इससे पूर्व जवानों ने परेड कमांडर कैप्टन मनिंदर यादव के नेतृत्व में भव्य परेड का आयोजन किया। शानदार ड्रिल और परेड की डिप्टी कमांडेंट कर्नल निखिल श्रीवास्तव, टीबीसी कमांडर कर्नल नीरज सूद शौर्य चक्र ने सलामी ली। धर्मगुरुओं ने बारी बारी से जवानों को गीता और राष्ट्रीय ध्वज में हाथ रखकर शपथ दिलाई। प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 जवानों को कमांडेंट ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया।