जिलाधिकारी सविन बंसल ने राजस्व उप निरीक्षक पदों पर 15 फरवरी से 15 मार्च तक आयोजित होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारियां पूरी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
जिले में 14180 आवेदन जमा हुए थे। जांच में 283 आवेदन निरस्त हुए। शारीरिक दक्षता परीक्षा में 13897 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए छह टीमें गठित की गई हैं। दौड़ सहित अन्य शारीरिक दक्षता परीक्षा कराने के लिए पुलिस उपाधीक्षक को नोडल अधिकारी बनाया गया है। अभ्यर्थियों की दौड़ एनटीडी बाईपास से कलमटिया रोड को कराई जाएगी।
डीएम ने अधिकारियों से अभ्यर्थियों को भेजे जाने वाले प्रवेश पत्रों के नमूने तैयार करने को कहा है। ऊंचाई और वजन में छूट प्राप्त करने के लिए अभ्यर्थियों को पर्वतीय क्षेत्र का निवास प्रमाण पत्र लाना आवश्यक होगा।
उन्होंने बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए नजदीकी स्कूलों का समय पर अधिग्रहण करने के निर्देश दिए। ताकि अभ्यर्थियों को कोई परेशानी नहीं हो। उन्होंने एडीएम इला गिरि से व्यवस्थाएं समय से पूरा कराने के लिए अधीनस्थ कर्मचारियों को निर्देशित करने को कहा है।
मुख्य विकास अधिकारी प्रकाश चंद्र से भी आवेदन पत्रों की पुन: जांच अपने स्तर से करने को कहा, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि नहीं रहे। बैठक में एसपी केएस नगन्याल, जिला क्रीड़ा अधिकारी सीएल वर्मा, सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश तिवारी, आपदा प्रबन्धन अधिकारी राकेश जोशी, लोनिवि के एई एके जोशी आदि ने भाग लिया।