रामनगर-गैरसैंण मार्ग में पनोद नाले में बही जीएमओयू की बस।
- फोटो : ALMORA
मौलेखाल (अल्मोड़ा)। रामगनर-मोहान राष्ट्रीय राजमार्ग पर पनोद नाला पूरे उफान पर है। रामनगर से गैरसैंण जा रही जीएमओयू की एक बस नाले के उफान की चपेट में आ कर कुछ दूरी तक बह गई जिससे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। बाद में किसी तरह चालक, परिचालक समेत 27 यात्री तो सुरक्षित किनारे आ गए, लेकिन एक महिला यात्री पानी के बहाव में कुछ आगे तक बह गई और वहां आधे घंटे तक फंसी रही। बाद में स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को उसे सुरक्षित किनारे निकालने में कामयाबी हासिल हुई।
जीएमओयू की बस संख्या यूके-04-1167 रामनगर के गैरसैंण की ओर जा रही थी। बस में चालक, परिचालक समेत कुल 28 यात्री सवार थे। बारिश होने से पनोद नाला पूरे उफान पर था। सुबह 8:30 बजे पनोद लाने के चपेट में आकर बस कुछ आगे तक बह गई।
बस बहता देख यात्रियों में चीख पुकार मच गई। चालक, परिचालक समेत 27 यात्री को सुरक्षित किनारे आ गए। पर तेज पानी के बहाव में महिला यात्री शांति देवी कुछ आगे तक बह गई और एक स्थान पर अटक गई। काफी प्रयासों के बाद स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने महिला को करीब आधे घंटे बाद नाले से बाहर निकाला।