बारिश से कई युवाओं के अग्निवीर बनने के सपनों पर फिरा पानी
बारिश ने अग्निवीर भर्ती में पहुंचे युवाओं के सपनों पर पानी फेर दिया। शुक्रवार तड़के बारिश के बीच कई युवाओं के प्रवेश पत्र भीग गए और इससे वह भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सके।दो साल बाद नए सिरे से अग्निपथ योजना के तहत हो रही भर्ती को लेकर कुमाऊं मंडल के चारों जिलों के युवा जोश से लबरेज थे। पर बारिश के बीच प्रवेश पत्र खराब होने के कारण कई युवाओं का सेना में जाने का सपना टूट गया। युवा बोले कि बारिश के कारण मैदान गीला होने से दौड़ में भी परेशानी हुई। बता दें कि 2020 फरवरी में यहां ओपन भर्ती हुई थी लेकिन कोविड के चलते लगातार लिखित परीक्षा टलती रही और दो साल बाद केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना के रूप में नई भर्ती प्रक्रिया शुरू की है
खाना और रहने की व्यवस्था से युवा भी दिख रहे संतुष्ट
रानीखेत के सोमनाथ मैदान में पिछले कई सालों से नियमित भर्ती रैली आयोजित की जाती रही है लेकिन इस बार व्यवस्थाएं पूरी तरह से चाक चौबंद हैं। प्रशासन ने कई विद्यालयों और बरातघरों का अधिग्रहण किया है जहां खाना और रहना उचित दरों पर किया जा रहा है। भर्ती युवकों को भी प्रशासन की यह मुहिम पसंद आ रही है।
मौसम साथ देगा तो सफलतापूर्वक संपन्न होगी भर्ती
संयुक्त मजिस्ट्रेट जय किशन का कहना है कि व्यवस्थाएं ठीक हैं। टैक्सी चालकों, रेस्टारेंट तथा ढाबा संचालकों को अधिक दाम नहीं वसूलने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके थे। बस मौसम साथ दे दे तो यह भर्ती रैली सफलतापूर्वक संपन्न करा ली जाएगी। इसके लिए उन्होंने तमाम विभागीय अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए हैं।
तहसीलवार भर्ती होने से काफी राहत
तहसीलवार भर्ती रैली से दिक्कतें काफी कम हो गई हैं। यह व्यवस्था साल 2020 में शुरू की गई थी, इससे पूर्व की भर्तियों में जिला स्तर पर भर्तियों का आयोजन होता था और ज्यादा युवाओं के अचानक पहुंचने से तमाम अव्यवस्थाएं देखने को मिलती थी। तहसीलवार भर्ती होने से व्यवस्थाएं चाकचौबंद हो गई हैं।
सोमनाथ मैदान में दौड़ लगाते युवक।