डाना मिरई के बाद अब सुरईखेत के चौंरा गांव में भी विवाह समारोह में पहुंचे 22 बाराती बच्चे फूड प्वॉइजनिंग का शिकार हो गए। दो दिनाें में फूड प्वॉइजनिंग की दूसरी घटना से पूरे क्षेत्र में खलबली मची हुई है। सभी 22 बच्चों को यहां सीएचसी में भर्ती कराया गया, सभी को उल्टी, दस्त की शिकायत है। इनमें से आठ से 16 वर्ष आयु तक के बच्चे भी शामिल हैं। उपचार के बाद हालांकि सभी बीमार बारातियों को छुट्टी दे दी गई है।
दो दिन पूर्व यहां डाना मिरई में मिठाई के सेवन के बाद 50 बाराती और घराती बीमार हो गए थे। इसके बाद 19 मई को चौखुटिया के तोइया गांव निवासी मोहन सिंह रावत के पुत्र धन सिंह की सुरईखेत के चौंरा निवासी पूरन सिंह किरौला के यहां बारात आई थी। मिठाई, नमकीन और भोजन करने के बाद बच्चों को पेट में दर्द और उल्टियां शुरू हो गई। इससे वहां हड़कंप मच गया। देर रात्रि तक हिमांशु, मंजू, दीपक, प्रताप सिंह, दीपक, दिनेश, विशन सिंह, ललित, चंदन, कविता, राजू, विनोद, बच्चन, भावना, प्रभा, जगत सिंह, सुनीता, तारा सिंह, मोहन सिंह, भारत, दान सिंह, हर सिंह, सोनिया, कमल सिंह, मानसी सहित 22 बीमारों को यहां सीएचसी में भर्ती कराया गया। बीमारों में ज्यादातर बच्चे शामिल थे। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. वीके सिंह, डॉ. रवि शंकर, नर्स विनीता सिंह आदि ने उपचार किया। डाक्टरों ने बताया कि रात्रि तीन बजे तक सभी रोगियों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। डॉ. वीके सिंह ने फिलहाल खोए से बनी मिठाई और बासी भोजन नहीं करने की अपील की है।
मावे की खेप खराब होने से आ रही दिक्कत
चौंरा गांव में भी फूड प्वॉइजनिंग की सूचना के बाद खाद्य निरीक्षक अभय सिंह ने रात्रि में ही अस्पताल में भर्ती बच्चों को देखा, चौंरा गांव जाकर वहां हालातों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में मावे की एक पूरी खेप खराब आई है, इस मावे की बनी मिठाई खाने से ही फूड प्वॉइजनिंग हो रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से फिलहाल इस तरह की मिठाई का सेवन नहीं करने की अपील की है।
विधायक ने भी जाना बीमारों का हालचाल
फूड प्वॉइजनिंग से प्रभावितों का हालचाल जानने के लिए विधायक महेश नेगी भी अस्पताल पहुंचे, उन्होंने बीमार बच्चों का हालचाल जाना तथा डाक्टरों को उचित उपचार के दिशा निर्देश दिए।
एसडीएम ने खोया की जांच के आदेश दिए
क्षेत्र में फूड प्वॉइजनिंग की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर विभाग हरकत में आ गए हैं। एसडीएम गौरव चटवाल ने खाद्य विभाग की टीमों के साथ यहां नगर में खाद्य पदार्थों और मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने भट्ट मिष्ठान विक्रेता के स्वामी से मिठाई बनाने वाला कारखाना अलग करने को कहा। कहा कि जब तक कारखाना अलग नहीं किया जाता तब तक दुकान नहीं खोली जाए। खाद्य निरीक्षक से एसडीएम ने खोया की जांच कराने के भी आदेश दिए हैं। इनमें कई दुकानों में गंदगी भी पाई गई। सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। चेतावनी दी कि बासी खाद्य पदार्थ बेचे तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य पदार्थों को खुले में नहीं रखने के निर्देश भी दिए।