रानीखेत (अल्मोड़ा)। लंबे समय की जद्दोजहद के बाद आखिरकार अब सुदूरवर्ती कुंवाली में ऐना-भिटारकोट मोटर मार्ग पर पुल निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। 36 मीटर लंबे स्पान वाले इस पुल के लिए शासन से दो करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। वर्तमान में यहां पर पुल की बुनियाद का कार्य चल रहा है। अब वाहनों को नदी के बीचों बीच से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा। इस मोटर मार्ग से क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांव लाभान्वित होते हैं।
मालूम हो कि ऐना-भिटारकोट मोटर मार्ग एक दशक पहले बन चुका है, लेकिन ऐना से चार किमी आगे मल्याल नदी पर पुल नहीं होने के कारण यहां चालकों को आधा किमी नदी से होकर वाहन गुजारने पड़ते हैं। बरसात में नदी उफान पर रहती है, ऐसे में किसी भी वक्त बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके लिए क्षेत्रवासी लंबे समय से संघर्ष कर रहे थे।
इस मोटर मार्ग से ऐना, नैड़ी, कुलसीबी, भिटारकोट सहित आधा दर्जन से अधिक गांवों को लाभ मिलता है। मार्ग पर प्रतिदिन 50 से अधिक वाहनों की आवाजाही होती है। कुछ माह पूर्व शासन से यहां 36 मीटर लंबे स्पान के पुल को मंजूरी मिली। इसके लिए दो करोड़ रुपये भी स्वीकृत हुए। अब पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। पुल बनाने का काम एनपीसीसी को दिया गया है। पूर्व यह कार्य पीएमजीएसवाई के पास था। इधर भाजपा के युवा नेता दीपक कन्नू शाह ने भी पुल निर्माण के कार्य का निरीक्षण किया।