अल्मोड़ा। जिले के दिव्यांग और किसान पेंशनरों के लिए खुशखबरी है। शासन ने इन लाभार्थियों के पेंशन भुगतान के लिए 5.26 करोड़ रुपये की धनराशि समाज कल्याण विभाग को जारी कर दी है। जल्द ही दिव्यांग और किसान पेंशनरों को सात माह की लंबित पेंशन का भुगतान हो जाएगा।
समाज कल्याण विभाग से जिले में 5325 दिव्यांग और 1369 किसान पेंशन प्राप्त करते हैं। सरकार इन पात्र लाभार्थी किसानों और दिव्यांगों के रूप में प्रतिमाह एक-एक हजार रुपये की पेंशन का भुगतान करती है पर बजट के अभाव में इन गरीब लाभार्थियों को जून 2018 से पेंशन अब तक नहीं मिल सकी है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी जगमोहन कफोला ने बताया कि दिव्यांग पेंशन के लिए शासन से चार करोड़ सोलह लाख चौहत्तर हजार रुपये और किसान पेंशन के लिए 95 लाख 28 हजार रुपये विभाग को मिल गए हैं। कोषागार में बिल लगा दिए गए हैं। जल्द ही पेंशन का भुगतान दिव्यांगों और किसानों को उनके खाते में कर दिया जाएगा।