अल्मोड़ा। बृहस्पतिवार सुबह धूप निकलने के बाद नगर के पुलिस लाइन के पास तेंदुआ घुस आया, जिससे वहां हड़कंप मच गया। तेंदुआ पहले पास में एक निर्माणाधीन मकान के भीतर छिप गया। इस बीच वहां मॉर्निंग वॉक करके लौट रहे कुछ लोगों ने तेंदुए को देखा और वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन टीम के पहुंचने तक तेंदुआ वहां से भाग गया। नगर के भीड़ भाड़ वाले इलाके में तेंदुए के घुस आने से लोग भयभीत हैं।
जानकारी के मुताबिक सुबह करीब साढ़े सात बजे एक तेंदुआ पुलिस लाइन से कुछ आगे आंगनबाड़ी प्रशिक्षण केंद्र के पास पहुंच गया। वहां लोगों की चहल-पहल देखकर तेंदुआ रोड पार करके एक निर्माणाधीन भवन के भीतर छिप गया। इस बीच मॉर्निंग वॉक से लौट रहे कुछ लोगों ने जैसे ही तेंदुए को देखा तो वन विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद करीब नौ बजे वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।
टीम ने निर्माणाधीन घर के भीतर जाकर भी देखा लेकिन तेंदुआ नजर नहीं आया। लवन बीट अधिकारी भुवन राम ने बताया कि काफी देर तक तलाशी की गई लेकिन तेंदुआ तब तक जंगल की ओर भाग गया। इधर डीएफओ प्रवीण कुमार ने बताया कि तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिलने पर मौके पर वन कर्मियों को भेज दिया गया था।