अल्मोड़ा। जिला कार्यालय सभागार में हुए जनता मिलन कार्यक्रम में फरियादियों ने कुल नौ शिकायतें दर्ज कराईं। मुख्य विकास अधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों से समस्याओं का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण कर ईमेल से तत्काल निस्तारण आख्या डीएम कार्यालय को प्रेषित करने के निर्देश दिए।
जनता मिलन कार्यक्रम में मकेडी में बिना अनुमति के निर्माण कार्य कराए जाने की शिकायत पर सीडीओ ने अपर जिलाधिकारी से जांच कराए जाने के लिए आवश्यक कार्रवाई कराने के निर्देश दिए। मल्ला दन्यां में अवैध अब्जा किए जाने की शिकायत पर उन्होंने एसडीएम को निरीक्षण कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कई लोगों ने मुख्यमंत्री सहायता के लिए आवेदन इस कार्यक्रम में दिए।
नंदा गौरा देवी तथा विभिन्न पेंशन प्रकरणों पर कार्रवाई के लिए उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए। वीसी के माध्यम से दूरस्थ तहसीलों के लोगों की समस्याओं को भी जनता मिलन में सुना गया।
सल्ट तहसील के बिने ग्राम पंचायत में सामुदायिक विकास कार्यों के लिए लोगों ने आवेदन किया है। इसके अलावा ग्राम पंचायत में जीर्ण शीर्ण स्कूलों की शिकायत पर सीडीओ ने उप जिलाधिकारी सल्ट को कहा कि रूपांतरण कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूल का प्रस्ताव भेजा जाए। कार्यक्रम में एडीएम केएस टोलिया, जिला विकास अधिकारी केके पंत, मुख्य कृषि अधिकारी प्रियंका सिंह, जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता केएस खाती, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी दीप भट्ट आदि मौजूद थे।