अल्मोड़ा। महिला अस्पताल में भर्ती नवजात शिशु को बृहस्पतिवार को राजकीय शिशु सदन की अधीक्षिका के सुपुर्द कर दिया गया। चाइल्ड हेल्पलाइन सदस्यों ने नवजात का नाम एंजिल रखा है। हालांकि बच्ची के स्वास्थ्य में सुधार होने तक उसे अस्पताल में ही रखा जाएगा।
मालूम हो कि पांच दिन पूर्व पिथौरागढ़ घाट सड़क किनारे एक नवजात पड़ी मिली थी। जिसे चींटियों ने बुरी तरह काटा था। नवजात की हालत में सुधार नहीं होने पर उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया था। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की निगरानी में इलाज के लिए मंगलवार शाम उसे महिला अस्पताल लाया गया। इस दौरान नवजात का बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रीति पंत ने इलाज किया जा रहा है।
इधर शिशु सदन की अधीक्षिका मंजू उपाध्याय ने बताया कि पिथौरागढ़ से अल्मोड़ा महिला अस्पताल में लाई गई नवजात शिशु को शिशु सदन ने अपने सुपुर्द ले लिया है। फिलहाल स्वास्थ्य में सुधार होने तक वह अस्पताल में ही भर्ती रहेगी। एंजिल की देखरेख के लिए शिशु सदन के स्टाफ को ड्यूटी पर लगाया गया है।