मौलेखाल (अल्मोड़ा)। सरकारी विद्यालयों में तैनात शिक्षक अपने कर्तव्य के प्रति कितने सजग हैं इसकी बानगी सल्ट ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय सिसवारी में देखने को मिली। मंगलवार को सिसवारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक अवकाश पर थे। इस विद्यालय में उनके अलावा अन्य शिक्षक नहीं है। इस कारण प्राथमिक स्कूल काने के शिक्षक को सिसवारी भेजा गया था, लेकिन वह भी स्कूल नहीं पहुंचे। सुबह 11 बजे तक बच्चे उनका इंतजार करते रहे उसके बाद घरों को लौट गए।
भोजन माता ठगुली देवी ने मंगलवार की सुबह 9.30 विद्यालय खोल कर सफाई की। बच्चे भी विद्यालय समय पर पहुंच गए थे। छात्र-छात्राएं और भोजन माता 11 बजे तक विद्यालय में शिक्षक का इंतजार करते रहे, लेकिन शिक्षक नहीं पहुंचे। काफी इंतजार के बाद भी शिक्षक नहीं पहुंचे तो भोजन माता और छात्र-छात्राएं अपने-अपने घरों को लौट गए।
इधर जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत ने कहा कि मंगलवार को विद्यालय बंद रहना अनुशासनहीनता है। बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।