विजेता टीम को मिला 21 सौ रुपये का नकद पुरस्कार
- फोटो : अमर उजाला
रानीखेत (अल्मोड़ा)। विनायक में चल रही क्षेत्र स्तरीय वालीबॉल प्रतियोगिता का खिताब मिनार गांव की युवक मंगल दल टीम ने जीत लिया। विजेता टीम को 21 सौ रुपये का पुरस्कार और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। विनायक इंटर कालेज के मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता में 14 टीमों ने भाग लिया था।
नया दौर संस्था की ओर से आयोजित वालीबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में मिनार गांव की टीम विजेता रही। मिनार की टीम ने सिनार गांव की टीम को हराया। उद्घाटन सामाजिक कार्यकर्ता केएस अधिकारी ने किया। पुरस्कार बांटते हुए सेवानिवृत प्रधानाध्यापक नारायण रावत ने खिलाड़ियों से अनुशासन के बल पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उपविजेता टीम को 11 सौ रुपये और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। निर्णायक की भूमिका बहादुर सिंह रावत और राजेंद्र सिंह रावत ने निभाई। इस अवसर पर प्रेम सिंह, जगत सिंह, सूबेदार लाल सिंह अधिकारी, जसवंत सिंह आदि मौजूद थे। संचालन तुला सिंह तड़ियाल ने किया। संस्था के शंकर सिंह अधिकारी आदि ने सतभी का आभार जताया।