अल्मोड़ा। विश्व रक्तदान दिवस पर एक अक्तूबर को अमर उजाला फाउंडेशन और जिला रेड क्रॉस सोसायटी के सहयोग से जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में आयोजित रक्तदान शिविर में 21 लोगों ने रक्तदान किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने रक्तदाताओं को अमर उजाला की ओर से प्रमाणपत्र प्रदान किए। उन्होंने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके रक्त से रोगियों को नया जीवन मिलेगा।
रक्तदान शिविर में प्रात: दस बजे से रक्तदाता पहुंचने शुरू हो गए थे। सामाजिक कार्यकर्ता और पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक के नेतृत्व में श्री रामलीला कमेटी कर्नाटकखोला और बदरीनाथ-केदारनाथ सोशल एवं एजुकेशनल सोसायटी के सदस्यों ने रक्तदान करके सराहनीय योगदान दिया। इस मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने रक्तदाताओं को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से प्रमाणपत्र प्रदान करते हुए कोरोना काल में रक्तदान करने वाले बिट्टू कर्नाटक सहित सभी लोगों की सराहना की।
श्री रामलीला कमेटी कर्नाटकखोला के मुख्य संयोजक और पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि उनकी संस्था भविष्य में भी इस तरह के कार्यों में बढ़चढ़कर हिस्सा लेगी। उन्होंने सभी रक्तदाताओं का आभार जताया। इससे पहले रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता किशन गुरुरानी ने जिलाधिकारी सहित सभी लोगों का स्वागत किया। इस मौके पर जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ.आरसी पंत, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ.आरएस शाही, मनोज धानिक, प्रकाश कपकोटी, मनोज सनवाल, बीएस मनकोटी, डॉ. हेमलता भट्ट, गिरीश मल्होत्रा, दिपेश जोशी, विनीत बिष्ट, दीपक मेहता, डॉ. करन कर्नाटक आदि मौजूद थे।