अल्मोड़ा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली हस्तियों के व्यक्तित्व पर पुस्तक प्रकाशित करेगा। इसके लिए शिक्षकों की डायट में तीन दिवसीय कार्यशाला शुरू हो गई है।
कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए डायट के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र सिंह ने कहा कि जिले की छुपी हुई ऐसी हस्तियां जिनके जीवनवृत्त और कार्यों से लोग रूबरू नहीं हैं। उनके व्यक्तित्व का संकलन किया जाएगा और पुस्तक प्रकाशित की जाएगी। तीन दिवसीय कार्यशाला में प्रतिभागी शिक्षक इस पर चर्चा करेंगे, तत्पश्चात ऐसी हस्तियों के जीवन वृत्त पर लेख संकलित कर पुस्तक प्रकाशित की जाएगी।
विज्ञान, खेल, शिल्प, लोक संगीत, लेखन समेत विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों की जीवनी पुस्तक में शामिल की जाएगी। कार्यशाला में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से 25 शिक्षक-शिक्षिकाएं भागीदारी कर रहे हैं। कार्यशाला डॉ. प्रकाश पंत के निर्देशन में चल रही है।