अल्मोड़ा। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की लक्ष्मेश्वर में हुई बैठक में केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावेड़कर द्वारा शीतकालीन सत्र में विशिष्ट बीटीसी मान्यता संबंधित बिल लाए जाने का आश्वासन देेने पर हर्ष जताया गया। वक्ताओं ने सांसद अनिल बलूनी द्वारा की गई पहल पर उनका आभार व्यक्त किया है।
वक्ताओं ने कहा कि सांसद बलूनी ने प्रदेश के 16608 शिक्षकों के प्रकरण पर केंद्रीय मंत्री से कार्यवाही कर राहत दिलाने का आश्वासन दिया था। बीते दिनों दिल्ली में सांसद बलूनी के नेतृत्व में राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का शिष्टमंडल इस मुद्दे को लेकर केंद्रीय मंत्री से मिला। इस पर केंद्रीय मंत्री ने विशिष्ट बीटीसी कर चुके शिक्षकों को मान्यता दिलाने के लिए एनसीटीई का प्रस्ताव संसद में लाने का भरोसा दिलाया है। जिससे राज्य के विशिष्ट बीटीसी शिक्षकों को राहत मिलेगी।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष किशोर जोशी और संचालन जिला मंत्री जगदीश सिंह भंडारी ने किया। बैठक में जिला कोषाध्यक्ष प्रकाश जोशी, प्रांतीय लेखा निरीक्षक डॉ. मोहन चंद्र पांडे, चंदन सिंह बिष्ट, सुरेंद्र भंडारी, देवेंद्र परिहार, अर्जुन सिंह बिष्ट, गणेश भंडारी, मनोज बिष्ट आदि ने भाग लिया।