अल्मोड़ा। नगर निकाय के लिए होने जा रहे मतदान के अब सिर्फ नौ दिन रह गए हैं लेकिन चुनाव अभियान के दौरान ही दीपावली का पर्व आ जाने से अभी तक मतदाता का चुनाव की तरफ खास ध्यान नहीं गया है।
अब एक-दो दिन में चुनाव अभियान में काफी तेजी आने की उम्मीद है। बताया जाता है कि मुख्य रूप से भाजपा और कांग्रेस के पालिकाध्यक्षों और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी और उनके समर्थक बचे हुए दिनों में पूरी ताकत झोंकने की रणनीति बना रहे हैं। एक सप्ताह के भीतर सभी बड़े नगरों में कांग्रेस और भाजपा की ओर से स्टार प्रचारकों के भी पहुंचने की उम्मीद है।
बता दें कि नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान 18 नवंबर को होने जा रहा है। इस बीच दीपावली के कारण पिछले तीन-चार दिनों से प्रचार अभियान बहुत धीमा चल रहा है। सभी दलों के कार्यकर्ता भी इन दिनों दीपावली मनाने में व्यस्त हो गए थे और दीपावली के कारण आम लोगों का ध्यान भी चुनाव की तरफ कम ही था। अब दीपावली का पर्व निपट जाने के बाद चुनाव अभियान में तेजी आने की उम्मीद है। दोनों दलों से मिली जानकारी के मुताबिक अगले हफ्ते प्रमुख स्थानों पर स्टार प्रचारकों की सभाएं आयोजित करने की भी तैयारी हो रही है।