अल्मोड़ा। लघु डाल खंड सिंचाई में ठेकेदारी प्रथा में कार्यरत सिंचाई पंप चालकों को पिछले एक साल से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। इस कारण कर्मचारी आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर वेतन भुगतान करने समेत अन्य समस्याओं के समाधान की मांग उठाई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि वेतन भुगतान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री, सिंचाई सचिव और डीएम को पूर्व में कई बार अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक वेतन भुगतान के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई है। पंप चालकों का कहना है कि वह पिछले डेढ़ दशक से विभाग में ठेकेदारी प्रथा के अंतर्गत कार्यरत हैं, लेकिन उन्हें अब तक संविदा में नहीं रखा गया है। उन्हें मात्र 3900 रुपये वेतन दिया जा रहा है।
कर्मचारी राज्य बीमा निगम के दायरे में रखने के बावजूद ईएसआई, ईपीएफ जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही है। ज्ञापन भेजने वालों में अध्यक्ष उदित नारायण फुलोरिया, लक्ष्मण सिंह, ललित सिंह, मनोज सिंह, महेंद्र सिंह नयाल, गिरीश फुलोरिया, पूरन सिंह गंगोला, अमरनाथ, पूरन सिंह गंगोला आदि शामिल हैं।