अल्मोड़ा। कुविवि एसएसजे परिसर में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। शनिवार को कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय में प्रवेश हुए। इस दौरान विज्ञान संकाय के छात्रों ने जारी हुई मेरिट सूची में शामिल सभी छात्रों को प्रवेश दिए जाने की मांग करते हंगामा कर परिसर निदेशक और विभागाध्यक्ष का घेराव भी किया। इस दौरान काफी देर तक विज्ञान संकाय में गहमागहमी बनी रही।
शनिवार को कला संकाय में 240 छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया गया। बीएससी बायो वर्ग में 30 छात्रों को प्रवेश मिला। वाणिज्य संकाय में भी पूर्व में 33 छात्र-छात्राओं के प्रवेश के बाद आगे की प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई। इधर बीएससी विज्ञान वर्ग के गणित विषय में 29 छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया गया। जबकि मेरिट सूची में 100 छात्र-छात्राओं की लिस्ट जारी हुई थी। 29 छात्रों के प्रवेश के बाद अन्य छात्रों को प्रवेश नहीं मिलने से छात्र भड़क गए।
छात्रों ने विभागाध्यक्ष प्रो. एनडी कांडपाल से शिकायत की। इस दौरान छात्रों ने परिसर निदेशक से भी वार्ता की और परिसर में पहुंचे अन्य छात्रों को भी प्रवेश दिए जाने की मांग की। बाद में परिसर निदेशक के समझाने के बाद छात्र शंात हुए। इधर परिसर निदेशक प्रो. आरएस पथनी ने बताया कि मेरिट सूची में आने वाले सभी छात्र-छात्राओं को मेरिट, विषय समूह और उपलब्ध सीटों के आधार पर प्रवेश दिए जा रहे हैं। जिन छात्र-छात्राओं को प्रवेश नहीं मिला है उन्हें मंगलवार 17 जुलाई से प्रवेश दिए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।