मौलेखाल (अल्मोड़ा)। गत दिनों हुई बारिश में विद्युत लाइन में आई खराबी के कारण सल्ट तहसील के 150 से अधिक गांवों में गत तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है। बिजली गुल होने से जहां हाइस्कूल और इंटर बोर्ड परीक्षार्थियों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है वहीं लोगों के मोबाइल फोन चार्ज नहीं हो रहे हैं। इस कारण लोगों का एक दूसरे से संपर्क कट गया है। सरकारी कार्यालयों और फोटो स्टेट, फोटोग्राफी आदि व्यवसाय पर असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विद्युत आपूर्ति सुचारू नहीं होने पर विद्युत पावर पाउस में तालाबंदी करने की चेतावनी दी है।
तीन दिन पूर्व हुई बारिश के दौरान सल्ट तहसील की विद्युत लाइन में फाल्ट आ गया था। जिसे अब तक ठीक नहीं किया गया है। सल्ट तहसील के करगेत, पोखरी, देवायल, वैला, स्वास्थ्य केंद्र देवायल, जीआईसी, जीजीआईसी देवायल, कालीगांव, जालीखान, कपड़ाढैया, तहसील परिसर, तहसील चौक, शशिखाल, सदरखोला, घटकोट, कालीगांव, नौकुचिया, देवीखाल, मौलेखाल, हिनौला, पैसिया, डोटियाल, मानिला, मरचूला, डंगुला, कटरिया, तड़ी, टुकनोली, भ्याड़ी, मुनड़ा, जसपुर, देवीखाल, रिवाजी, गड़थंबल, मनैत, आमधार, खटलगांव, आंसूतले समेत 150 से अधिक गांवों में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है।
बिजली नहीं होने के कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता सुजीत चौधरी ने कहा कि विद्युत आपूर्ति शीघ्र सुचारू नहीं की गई तो ग्रामीण विद्युत पावर हाउस में तालाबंदी करने को बाध्य होंगे।