अल्मोड़ा। बारिश के कारण जहां कोसी नदी का जल स्तर बढ़ गया है वहीं बारिश के पानी के साथ भारी मात्रा में सिल्ट आने से जल संस्थान के पंपों ने भी काम करना बंद कर दिया है। मंगलवार शाम चार बजे से जल संस्थान के पंप ठप हैं जिससे नगर में बुधवार को पेयजल आपूर्ति ठप रही। जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जल संस्थान के अधिकारियों का कहना है कि बारिश लगातार होने पर एक-दो दिन तक पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी।
इन दिनों कोसी नदी लबालब भरी है। जल स्तर मेंटेन करने के लिए सिंचाई विभाग ने अलर्ट जारी करने के बाद बीते तीन दिन से कोसी बैराज के गेट खोल रखे हैं। तेज बारिश आने के कारण कोसी नदी में जंगलों की मिट्टी और कचरा भी नदी में बहने लगा है। जिससे कोसी में स्थित जल संस्थान के तीन पंपों ने मंगलवार शाम से काम करना बंद कर दिया है। बुधवार को जल संस्थान के अधिकारियों ने पंप चालू करने की कोशिश की लेकिन पानी गंदा होने के कारण पंप सप्लाई नहीं दे सके। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता नंद किशोर ने बताया कि कोसी नदी में पानी बेहद गंदा आ रहा है। मंगलवार शाम चार बजे से पंप पूरी तरह बंद हैं जिससे पानी की आपूर्ति नहीं की जा सकी है। अगर लगातार बारिश रही तो पंप नहीं चलाए जाएंगे मौसम ठीक होने पर ही पंप खोलने की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बृहस्पतिवार को भी नगर में पेयजल आपूर्ति ठप रहने की आशंका बनी है। उन्होंने बताया कि पेयजल टैंकर की व्यवस्था की गई है जहां से भी डिमांड आएगी जल संस्थान के टैंकरों के माध्यम से पानी सप्लाई की जाएगी।