अल्मोड़ा। इस वर्ष उत्तराखंड बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा 82 प्रतिशत अंकों के साथ पास करने वाली आर्य कन्या इंटर कालेज की छात्रा रही आशा बघरी का उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए इंस्पायर छात्रवृत्ति के लिए चयन हुआ है। योजना के तहत छात्रा को बीएससी और एमएससी करने के लिए सालाना 80 हजार रुपये के हिसाब से पांच साल में करीब चार लाख रुपये मिलेंगे। स्कूल की प्रधानाचार्या पंकजलता साह ने बताया कि छात्रवृत्ति के लिए आशा का चयन उत्तराखंड बोर्ड रामनगर द्वारा हुआ है। उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति उच्च शिक्षा में विज्ञान एवं गणित को बढ़ावा देने के लिए दी जाती है। पूर्व सैनिक नरेंद्र सिंह बघरी की पुत्री आशा का चयन होने पर स्कूल के शिक्षक और शिक्षिकाओं ने हर्ष व्यक्त किया है।