जीएसटी रिटर्न जमा नहीं कर रहे व्यापारी, लक्ष्य हासिल करना चुनौती
अल्मोड़ा। कर विभाग को अगले चार महीने में 20 करोड़ रुपये का जीएसटी वसूलना होगा। बीते आठ महीनों में विभाग ने 33 करोड़ जीएसटी वसूला है। विभाग को इस वित्तीय वर्ष 55 करोड़ रुपये जीएसटी वसूलने का लक्ष्य मिला है। जिले में व्यापारी जीएसटी रिटर्न भरने में दिलचस्पी कम दिखा रहे हैं। इन हालात में कर विभाग के लिए लक्ष्य हासिल करना किसी चुनौती से कम नहीं है।
कर विभाग के मुताबिक जिले में 3200 व्यापारी जीएसटी में पंजीकृत हैं। इन व्यापारियों से विभाग को इस वित्तीय वर्ष 55 करोड़ की जीएसटी वसूली की लक्ष्य तय है। विभाग ने आठ महीनों में 60 प्रतिशत जीएसटी वसूलने में कामयाबी हासिल की है और उसे शेष बचे चार महीनों में लक्ष्य के सापेक्ष 40 प्रतिशत वसूली और करनी है। यहां व्यापारी जीएसटी रिटर्न जमा करने में दिलचस्पी नहीं ले रहे और विभाग को 324 व्यापारियों को नोटिस जारी करना पड़ा है। इन हालात में विभाग के लिए लक्ष्य हासिल करना चुनौती भरा साबित होगा।
नौ लाख का लगाया जुर्माना
अल्मोड़ा। कर विभाग ने जीएसटी रिटर्न जमा न करने वाले व्यापारियों को नोटिस तो जारी किया है। संबंधित व्यापारियों पर नौ लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। वित्तीय वर्ष समाप्ति की तिथि नजदीक आते ही विभाग रिटर्न जमा नहीं करने वाले व्यापारियों से सख्ती से निपटने की भी तैयारी कर रहा है।
कोट-
व्यापारियों को जीएसटी रिटर्न जमा करना होगा। ऐसा न करने वाले व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। लक्ष्य के सापेक्ष जीएसटी जमा होगा।
प्रदीप चंद्र, राज्य कर अधिकारी, अल्मोड़ा।