अल्मोड़ा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मंगलवार को कलक्ट्रेट परिसर का औचक निरीक्षण किया परिसर में सफाई व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालयों में मौजूद अग्निशमन यंत्रों को चलाने के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को अभिलेखागार के पास एवं न्यायिक अभिलेख, राजस्व अभिलेख कक्ष, कलेक्ट्रेट परिसर के प्रांगण में कूड़ा पड़ा मिला। जिस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने तहसीलदार सदर और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी को सफाई करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने महत्वपूर्ण अभिलेखों की सुरक्षा के लिए अच्छे इंतजाम करने को कहा। उन्होंने जिला कार्यालय के प्रपत्र रक्षक कक्ष में मरम्मत कार्य करने, सफाई एवं रंग-रोगन का कार्य करने के निर्देश प्रभारी अधिकारी नाजरात को दिए।
इस दौरान उन्होंने सभी पटल सहायकों को अभिलेखों के रख-रखाव करने और लंबित प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार संजय कुमार, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मनोहर लाल सहित आदि मौजूद थे।