अल्मोड़ा। मतदान को लेकर युवाओं में खास उत्साह नहीं देखा गया। खासतौर पर 18 से 25 साल की आयु के युवा मतदाताओं में मतदान के लिए खास रुचि नजर नहीं आई। पोलिंग बूथों में लगी लाइनों में युवा नदारद दिखाई दिए।
बता दें कि अल्मोड़ा जिले में 18 से 19 वर्ग आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 8731 है। जबकि 20 से 29 आयु वर्ग के युवा मतदाताओं की संख्या 1,18,311 है। यह उम्मीद की जा रही थी कि जागरूकता अभियान चलाने के बाद काफी संख्या में युवा मतदाता वोट डालने आएंगे, लेकिन पहली बार वोट देने के हकदार बने 18 से 19 साल के युवाओं के अलावा कॉलेज पढ़ने वाले 20 से 25 साल की आयु वर्ग के लोग काफी कम संख्या में वोट करने आए।
इंटर की पढ़ाई के बाद पहाड़ के काफी संख्या में युवा व्यवसायिक कोर्स और अन्य तरह की पढ़ाई के लिए बाहर चले जाते हैं। इनमें से शायद ही कोई वोट देने अपने गांव और शहर आया हो। युवाओं द्वारा कम मतदान का प्रमुख कारण यही माना जा रहा है। फिर जो युवक-युवतियां स्थानीय कॉलेजों में पढ़ रहे हैं उन्होंने भी मतदान करने में खास उत्साह नहीं दिखाया।