मौलेखाल (अल्मोड़ा)। सल्ट तहसील के तोल्यो गांव के प्रधान के युवा पुत्र के सोमवार को रामगंगा नदी में डूबने से मौत हो गई है। मृतक डिग्री कालेज रानीखेत से बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। इन दिनों वह अपने गांव तोल्यों आया था। पुत्र की मौत से प्रधान के परिवार में कोहराम मचा है। पूरा गांव शोक में डूबा है। भाई बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
तल्ला सल्ट के तोल्यों गांव के प्रधान सुरेंद्र सिंह कड़ाकोटी के पुत्र सुरजीत सिंह कड़ाकोटी (19) सोमवार को अपने दोस्तों के साथ क्षेत्र के राजा हरुहीत के मंदिर में दर्शन करने गया था। मंदिर के दर्शन करने के बाद सभी लोग रामगंगा नदी में नहाने उतर गए। नहाने के दौरान प्रधान का पुत्र सुरजीत सिंह कड़ाकोटी नदी में डूब गया।
सुरजीत को नदी में डूबता देखकर साथियों ने शोर मचाया। युवकों का शोर सुनकर आसपास के गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने सुरजीत को नदी से निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। युवा पुत्र की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। माता-पिता और भाई-बहन बेसुध हैं। गांव में भी शोक की लहर है। क्षेत्रीय राजस्व उप निरीक्षक कौशल चौहान तथा सुभाष साह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।