अल्मोड़ा। सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने राशन की दुकानों में लगाई जा रही (प्वाइंट ऑफ सेल) पीओएस मशीनों का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। उन्होंने सरकार से प्रत्येक गल्ला विक्रेता को प्रतिमाह 30 हजार रुपये देने, सरकारी गोदामों से सभी प्रकार का राशन तोलकर देने की मांग की है।
नंदादेवी गीता भवन में हुई सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता संघ की बैठक में उन्होंने सरकार द्वारा गल्ला विक्रेताओं की दुकान में लगाई जा रही पीओएस मशीन का बहिष्कार करने का निर्णय लिया। उन्होंने सरकार से प्रत्येक दुकानदार को हर माह 30 हजार रुपये देने, सरकारी गोदामों से मिलने वाले सभी प्रकार के राशन को तोल कर देने तथा बोरों में अंकित वजन के बराबर मात्रा में राशन देने या फिर सरकार द्वारा पांच या दस किलो के पैकेट बनाकर दुकानों में दिए जाने की मांग की है। बैठक में गल्ला विक्रेताओं ने राशन को प्रत्येक दुकान में पहुंचाने को भी कहा।
बैठक में जिलाध्यक्ष दिनेश गोयल, कोषाध्यक्ष अभय साह, नगर अध्यक्ष भूपाल सिंह परिहार, नगर महामंत्री विपिन तिवारी, नगर महामंत्री मनोज वर्मा, लीला साह, रीता बिनवाल, हेमा पांडे, आनंद सिंह, नवीन चंद्र सुयाल, पान सिंह, गिरीश सिंह बिष्ट, केशर सिंह खनी, जगदीश पाठक, प्रताप सिंह, बिशन सिंह, संदीप नंदा, गोपाल सिंह बिष्ट, पूरन सिंह ऐरी, हीरा सिंह, दिनेश जोशी, देवेंद्र चौहान, दीपक साह, पंकज कपिल मौजूद थे।