अल्मोड़ा। डीएम ईवा आशीष श्रीवास्तव ने नगरपालिका का औचक निरीक्षण किया। कार्यालय में गंदगी मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। जिन कक्षों का सीमेंट उखड़ा था, उसे ठीक कर रंगरोगन करने के निर्देश अधिशासी अधिकारी को दिए।
डीएम ने कहा कि सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने को पालिका वाहन, आवश्यक उपकरण खरीदें। ईओ, स्वास्थ्य अधिकारी नैनीताल जाकर जानकारी जुटाएं। कूड़ा निस्तारण में मदद को जेसीबी अथवा छोटी मशीन खरीदने का प्रस्ताव बनाएं। जिन रेस्तरा, होटलों द्वारा विभिन्न आयोजनों के अवसर पर गंदगी की जाती है उनके चालान काटें। उन्होंने कहा कि जिन भवन स्वामियों ने ड्रेनेज की व्यवस्था नहीं की है, उनसे वार्ता कर समाधान खोजें। बजट के बारे में जानकारी ली। कहा कि कर्मचारियों के वेतन आदि का भुगतान समय से हो। बीमा योजना को लेकर बीमा निदेशालय को पत्र भेजने, पीपीएफ जमा संबंधी प्रकरण पर लीड बैंक अधिकारी, संबंधित बैंक के साथ बैठक कर हल निकालने के निर्देश दिए। शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश देते हुए कहा कि गंदगी फैलाने वालों को चिह्नित कर चालान काटें। नियमानुसार ऐसे मामलों में पांच हजार रुपये तक जुर्माना, छह माह की सजा का भी प्राविधान है। पालिका के लेखाकार को आय-व्यय का ब्यौरा तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगाने को ईओ को बाजार का नियमित भ्रमण करने, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई समय-समय पर करने को कहा। उन्होंने कहा कि पालिका परिषद को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी सभी कार्मिकों की है। पालिका के पास पिछले दिनों मार्ग में डाले गए ह्यूम पाइप पर डामर करने के निर्देश लोनिवि के ईई को दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम विवेक राय, पालिका के ईओ श्याम सुंदर, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दीपांकर डेनियल आदि थे।
कक्षों की मरम्मत, रंगरोगन के निर्देश दिए
डीएम ने पालिका कार्यालय का निरीक्षण किया
शहर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ करें कार्रवाई