अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में सांसदों और विधायकों को मुफ्त में यात्रा कराने के नाम पर हुई गड़बड़ी की जांच के लिए पहुंची अधिकारियों की टीम ने अल्मोड़ा और रानीखेत डिपो में दस्तावेजों को खंगाला और परिचालकों से पूछताछ की। जांच टीम गोपनीय रिपोर्ट तैयार कर रही है।
उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में सांसदों और विधायकों को मुफ्त में यात्रा कराने के नाम पर हुई गड़बड़ी की जांच कराने के लिए परिवहन निगम मुख्यालय से गठित जांच टीम ने रोडवेज डिपो अल्मोड़ा और रानीखेत में दस्तावेजों की गहनता से जांच की।
जनवरी 2018 से मार्च तक अल्मोड़ा डिपो में सांसद, विधायक और पूर्व विधायकों को यात्रा करना दिखाया गया था। इसे लेकर मंगलवार को परिवहन निगम मुख्यालय से पहुंची जांच टीम ने परिवहन निगम के अल्मोड़ा और रानीखेत डिपो में काफी देर तक जांच की। बताया गया है कि टीम ने परिचालकों से भी पूछताछ की। इधर परिवहन निगम के एआरएम विजय तिवारी ने बताया कि जांच के बाद टीम लौट गई है।