अल्मोड़ा। सावन के तीसरे सोमवार को जागेश्वर धाम में भक्तों का तांता लगा रहा है। प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा बाहरी प्रदेशों से भी काफी संख्या में भक्तजन पूजा-अर्चना के लिए जागेश्वर धाम पहुंचे थे।
भोले शंकर की पूजा-अर्चना के लिए भक्तजन सुबह से ही मंदिर में पहुंचने शुरू हो गए थे। लोगों को कतार में खड़े होकर मंदिरों में पूजा करने के लिए अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। भक्तों ने भगवान शंकर का जलाभिषेक कर जागनाथ, महामृत्युंजय आदि मंदिरों में पूजा अर्चना की।
कई भक्तों ने परिवार समेत मंदिर परिसर में मनोकामना पूर्ति के लिए पार्थिव पूजन किया। मेला क्षेत्र में भंडारा भी लगाया गया था। दूरदराज के क्षेत्रों से पहुंचे भक्तों ने भंडारे में प्रसाद गृहण किया। इधर जागेश्वर बाजार में स्थानीय और बाहरी क्षेत्रों से आए व्यापारियों ने दुकानें लगा रखी हैं। जिनसे लोगों ने अपनी मनपसंद चीजें खरीदी। देर शाम तक भक्तों ने जागेश्वर धाम में पूजा अर्चना की।