अल्मोड़ा। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय जैंती में संबद्ध दोनों विवादित शिक्षिकाओं को आपसी मतभेद के चलते वहां से हटाकर मूल विद्यालय वापस भेज दिया गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी जगमोहन सोनी ने दोनों शिक्षिकाओं को सोमवार को अपने-अपने मूल विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के आदेश दिए हैं।
मालूम हो कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय जैंती में शिक्षिकाओं की कमी के चलते दो शिक्षिकाओं को संबद्ध किया गया था। सीईओ ने बताया कि दोनों शिक्षिकाओं के आपसी विवाद के चलते विद्यालय का माहौल खराब हो रहा था। अभिभावक भी इसकी शिकायत पूर्व में कर चुके थे। दोनों शिक्षिकाओं को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं मानीं।
सीईओ के निर्देश पर रविवार को जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक आरएस यादव और लमगड़ा के उप शिक्षा अधिकारी तारा सिंह ने विद्यालय का निरीक्षण भी किया और शिकायत को सही पाया। मुख्य शिक्षा अधिकारी सोनी ने बताया कि दोनों विवादित शिक्षिकाओं को उनके मूल विद्यालय भेजने के आदेश कर दिए गए हैं और उन्हें सोमवार तक अपने-अपने मूल विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के लिए निर्देशित किया गया है।
साथ ही कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय जैंती में स्थायी अथवा अस्थायी शिक्षिकाओं की जल्द व्यवस्था की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई पर कोई असर नहीं पड़े।