अल्मोड़ा। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के जिला टास्क फोर्स समिति की जिला कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने आंगनबाडी के कुछ केंद्रों को मॉडल केंद्रों के रूप में विकसित करने के लिए एक कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक जल्द की जाए। जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव ने बताया कि जिला स्तरीय अधिकारियों, प्रतिनिधियों, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ से जुड़े एनजीओ की कार्यशाला कराई जाएगी। सभी सरकारी अस्पतालों में बच्चियों के जन्म पर एक बधाई पत्र और बेबी किट बच्ची के माता-पिता को दिए जाएंगे। साथ ही सेल्फी भी खीची जाएगी।
आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं की सूची तैयार करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अति कुपोषित बच्चों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीडीओ मनुज गोयल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विनीता शाह, कोतवाली प्रभारी अरुण वर्मा, पंचायती राज अधिकारी बीएस दुगताल, जिला शिक्षाधिकारी राय साहब यादव, प्रशांत जोशी, अभिलाषा तिवारी, विनोद राठौर मौजूद थे।