अल्मोडा। शिक्षा सचिव भूपेंद्र कौर औलख के निर्देश पर अल्मोड़ा के प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी जगमोहन सोनी को पद से हटा कर उन्हें शिक्षा निदेशालय से अटैच करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
इधर अनुसूचित जाति-जनजाति शिक्षक एसोसिएशन सीईओ सोनी के समर्थन में सामने आ गई है। एसोसिएशन ने सोनी को उनके पद से हटाने का विरोध किया है। गौर करने वाली बात यह है कि 26 जनवरी को अवकाश के बावजूद देहरादून में शिक्षा सचिव का दफ्तर खुलवाकर सोनी को हटाने का आदेश जारी किया गया। इस खबर के आम होते ही शिक्षा महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
बताया जाता है कि 25 जनवरी को शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे जागेश्वर क्षेत्र के भ्रमण पर थे। इस दौरान आरतोला में क्षेत्र में कुछ लोगों ने अशासकीय स्कूल में नियुक्त में कथित अनियमितता को लेकर मुख्य शिक्षा अधिकारी की शिकायत शिक्षा मंत्री से की थी।
इधर अनुसूचित जाति-जनजाति शिक्षक एसोसिएशन की बैठक में वक्ताओं ने सीईओ सोनी को पद से हटाने को अन्यायपूर्ण करार दिया है। उन्होंने सोनी को कर्तव्यनिष्ठ और कर्मठ अधिकारी बताया और कहा कि किसी व्यक्ति को केवल शिकायत के आधार पर बिना किसी प्रमाण के पद से हटाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
संगठन इस एकतरफा कार्रवाई का विरोध करता है। संगठन ने शिक्षा मंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर सोनी को पुन: उनके मूल पद और स्थान पर यथावत रखने का आदेश जारी करने की मांग की है। बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष संजय भाटिया, जिलाध्यक्ष भूपाल प्रसाद कोहली, महामंत्री सुंदर लाल आर्य, दिग्पाल राम, महेंद्र प्रकाश, गिरीश चंद्र, संजय कुमार, चंदन ठटवाल, जीवन चंद्र टम्टा, विमलेश राहुल, डीसी आगरी, कमल कांत, अर्जुन आगरी, स्नेहलता टम्टा आदि ने भाग लिया।