रानीखेत (अल्मोड़ा)। ऐतिहासिक गांधी कुटिया में दो अक्तूबर को हुई तोड़फोड़ मामले में अभी तक कार्रवाई नहीं होने से कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कार्यकर्ताओं ने यहां उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कहा कि अराजक तत्व ठीक गांधी जयंती के दिन ऐतिहासिक कुटिया में तोड़फोड़ कर गए, लेकिन प्रशासन ने आज तक कार्रवाई नहीं की है।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ताड़ीखेत प्रवास के दौरान यहां तीन दिन रुके थे। उनके लिए रातों रात ताड़ीखेत में कुटिया का निर्माण कराया गया, बीते दो अक्तूबर को ठीक गांधी जयंती के दिन अराजक तत्वों ने न सिर्फ वहां तोड़फोड़ की, वरन वहां मल-मूत्र भी त्याग गए। इसकी तहरीर ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल देव की तरफ से उप राजस्व निरीक्षक को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वहां एडीएम ने भी निरीक्षण किया। जांच कमेटी का भी गठन किया गया, लेेकिन तीन माह बाद भी इस मामले में कोई भी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
यदि इस मामले में शीघ्र सार्थक कार्रवाई नहीं होती तो कांग्रेसी सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। ज्ञापन देने वालों में ब्लाक अध्यक्ष गोपाल देव, पीसीसी सदस्य कैलाश पांडे, सुंदर लाल गोयल, यतीश रौतेला, विजय तिवारी, कुलदीप कुमार, संदीप बंसल, पंकज गुर्रानी, सोनू सिद्दीकी, दीप उपाध्याय सहित तमाम लोग शामिल थे।