अल्मोड़ा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) के अंतर्गत जिले में खरीफ के सीजन में धान और मडुवा की फसल शामिल की गई है। कृषि विभाग ने जिले में पीएमएफबीवाई योजना के तहत जिले में चालू सीजन में 13870 किसानों को आच्छादित किया है, ताकि फसल को नुकसान पहुंचने पर किसानों को उपज का बीमा मिल सके। किसानों को फसल बीमा योजना से आच्छादित करने में अल्मोड़ा जिला प्रदेश में तीसरे स्थान पर है।
खरीफ के सीजन में जिले में काश्तकारों ने 35 हजार हेक्टेयर में मडुवा और 18 हजार हेक्टेयर में धान की फसल बोई हुई है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में खरीफ के सीजन में मडुवा और धान की फसल भी शामिल है। जिले में एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लि. के माध्यम से 13870 किसानों की फसलों का बीमा किया गया है। जबकि पिछले वर्ष इस योजना में जिले में 11089 किसानों की फसल का बीमा हुआ था।
मुख्य कृषि अधिकारी प्रियंका सिंह ने बताया कि धान की फसल के लिए इंश्योरेंस कंपनी ने किसानों ने प्रति नाली 9.52 रुपये और मडुवा की फसल के लिए 4.42 रुपये प्रति नाली प्रीमियम लिया है। यदि काश्तकारों की फसल को आपदा और अन्य कारणों से नुकसान पहुंचता है। तो उन्हें धान के लिए बीमा के लिए 967 रुपये और मडुवा की फसल के लिए 442 रुपये प्रति नाली की दर से इंश्योरेंस कंपनी भुगतान करेगी। उन्होंने बताया कि खरीफ सीजन में फसल बीमा कर किसानों को लाभान्वित करने में अल्मोड़ा जिला प्रदेश में तीसरे स्थान पर है।