अल्मोड़ा। धौलादेवी विकासखंड के अंतर्गत राजकीय हाईस्कूल खौड़ी में डेढ़ साल बाद भी हाईस्कूल कक्षाओं को पढ़ाने के लिए शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हो पाई है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। नाराज अभिभावकों के शिष्टमंडल ने सोमवार को जिलाधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) से मुलाकात कर शिक्षकों की नियुक्त की मांग की है। जल्द शिक्षक तैनात नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
पिछले शिक्षा सत्र में राजकीय हाईस्कूल खौड़ी उच्चीकृत हुआ। हाईस्कूल कक्षाओं को पढ़ाने के लिए एकमात्र सामाजिक विज्ञान शिक्षिका की तैनाती हुई। इसके अलावा अन्य शिक्षकों के पदों पर नियुक्त नहीं हुई है। एलटी शिक्षकों के शेष पदों पर वर्तमान शिक्षा सत्र में भी तैनाती नहीं हुई है। विद्यालय में कक्षा नौ में 12 और कक्षा दसवीं में 10 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। खौड़ी ग्राम पंचायत अनुसूचित बहुल है। शिक्षकों के नहीं होने से बच्चों को करीब छह से सात किमी दूर दूसरे विद्यालय में प्रवेश लेना पड़ रहा है।
धौलादेवी के ब्लॉक प्रमुख पीतांबर पांडे के नेतृत्व में पंचायत प्रतिनिधियों और अभिभावकों ने जिलाधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) से मुलाकात की। शिक्षकों की जल्द नियुक्त नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। शिष्टमंडल में क्षेत्र पंचायत सदस्य दीवान राम, भीम राम, पूर्व प्रधान धन सिंह जीना, महेश प्रसाद, रमेश राम, कृष्ण प्रसाद, नरी राम, शंभू प्रसाद, विजय प्रसाद, किशन सिंह बिष्ट आदि शामिल थे।