चौखुटिया (अल्मोड़ा)। मासी में रविवार की शाम एतिहासिक व व्यापारिक सोमनाथ मेले का आगाज रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। देर शाम सल्ट के लोगों का जत्था ढोल नगारों के साथ पहुंचा। परंपरा के अनुसार कनौंणी, मासी आल के लोगों ने दो किमी दूर चौना जाकर उनका जोरदार स्वागत किया।
मासी में प्रतिवर्ष प्रसिद्ध सोमनाथ का मुख्य मेला बैसाख के अंतिम सोमवार को होता है। रविवार को सल्ट के लोग जिला पंचायत सदस्य नारायण रावत के नेतृत्व में पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ मासी पहुंचे। इनमें सल्ट के पोखरी, मौलेखाल, मानिला, क्वैरला, गुलाड़, भीताकोट आदि गांवों के मेलार्थी शामिल थे। मेला समिति की ओर से विधायक महेश नेगी, मेला समिति के अध्यक्ष दयाल बिष्ट आदि ने उनका फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया। सल्ट के लोग रातभर झोड़ा, चांचरी आदि गायन कर तड़के सुबह लौट जाएंगे। इधर मेला स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलासिला शुरू हो गया है। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। सांस्कृतिक लोक कला मंच अल्मोड़ा के कलाकारों ने कुमाऊंनी, गढ़वाली लोकनृत्य सहित कई प्रस्तुतियां दी। विमला बोरा ने संचालन किया। कार्यक्रम में विधायक महेश नेगी, मेला समिति के अध्यक्ष दयाल सिंह बिष्ट, नारायण रावत, संजय शाह, प्रकाश फुलोरिया, गोपाल मासीवाल आदि थे।