चौखुटिया (अल्मोड़ा)। चौखुटिया मे आठ अप्रैल से भारवाहक वाहन स्कूल समय सुबह सात बजे से आठ बजे तक शहर में प्रवेश नही कर सकेंगे। स्कूलों का समय परिवर्तित होने की स्थिति में नो इंट्री का समय भी बदला जा सकता है। इस दौरान द्वाराहाट से आने वाले वाहन बाखली तिराहे पर, गैरसैंण से आने वाले वाहन पेट्रोल पंप पर और रामनगर से आने वाले वाहन खीरचौरा मंदिर के पास खड़े रहेंगे।
थानाध्यक्ष रमेश सिंह बोहरा ने स्थानीय ट्रांसपोर्टरों और ट्रक मालिकों के साथ हुई बैठक के बाद बताया कि ओवरलोडिंग या शहर के अंदर 20 किमी से ज्यादा गति से वाहन चलाने पर भी कार्रवाई की जाएगी। चालक के नशे में होने की स्थिति में लाइसेंस और वाहन का परमिट निरस्त किया जाएगा। नो एंट्री के समय में न तो कोई वाहन शहर के अंदर खड़ा होगा न ही सामान उतारेगा। बैठक में प्रदीप सिंह, नंदन सिंह बोहरा, गणेश कांडपाल, दीपक हर्बोला, परमानंद सती, कैलाश महरा, पप्पू बिष्ट, पंकज बौरा, चंदन महरा, मुकेश महरा, कैलाश महरा, बब्लू कांडपाल, संजय माहेश्वरी, नवीन जोशी, दीपक हर्बोला आदि थे।