सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। शुक्रवार रात सोमेश्वर-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग में भंवरी में खड़िया से लदे एक कैंटर का एक्सल टूट गया। जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग में दस घंटे तक बड़े वाहनों का आवागमन ठप रहा। मार्ग के दोनों ओर बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई। सुबह जेसीबी से ट्रक को किनारे हटाया गया। इसके बाद बड़े वाहन के लिए यह मार्ग खुल सका।
शुक्रवार रात कैंटर संख्या यूके-04-4274 बागेश्वर से खड़िया लेकर हल्द्वानी को जा रहा था। रात्रि बारह बजे सोमेश्वर-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कस्बे से करीब तीन किमी दूर भंवरी के पास कैंटर का एक्सल टूट गया। इससे इस मार्ग में बड़े वाहनों के निकलने के लिए स्थान नहीं बचा और बड़े वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। हालांकि छोटे चौपहिया वाहन आ-जा रहे थे।
बड़े वाहनों की आवाजाही बंद होने से मार्ग से दोनों ओर करीब डेढ़ किमी तक ट्रक और बस जाम में फंस गए। इस दौरान यात्रियों को काफी फजीहत का सामना करना पड़ा। शनिवार को पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से खड़िया से भरे कैंटर को सड़क के किनारे किया गया। इसके बाद सुबह दस बजे यह मार्ग बड़े वाहनों के खुला और ट्रक, बस आदि वाहन गंतव्य को गए।
रात्रि में पर्वतीय मार्गों पर दौड़ रहे वाहन
अल्मोड़ा। पर्वतीय क्षेत्र में रात्रि में वाहनों के चलने पर प्रतिबंध है, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके, लेकिन इसके बावजूद रात्रि में वाहन लगातार चल रहे हैं। नियमानुसार रात्रि में आठ बजे से सुबह चार बजे तक पर्वतीय मार्गों में वाहन नहीं चल सकते हैं, पर इसके बावजूद पुलिस प्रशासन और परिवहन विभाग इस पर रोक नहीं लगा पा रहा है।