अल्मोड़ा। न्यू इंदिरा कॉलोनी खत्याड़ी निवासी हिमांशु धर्मशक्तू की मौत का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी करने की मांग को लेकर जन संघर्ष समिति के बैनर तले खत्याड़ी के ग्रामीण छठे दिन भी गांधी पार्क में धरने पर बैठे। मांग की गई कि यदि पुलिस मामले का खुलासा नहीं कर पा रही है तो मामले की जांच सीबीआई से कराई जाए। समिति ने शनिवार 23 दिसंबर को जुलूस निकालकर प्रदर्शन का ऐलान किया है।
वक्ताओं ने कहा कि मृतक के पिता बलवंत सिंह धर्मशक्तू ने थाने में आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है, लेकिन पुलिस तफ्तीश करने के बजाए मामले को हादसा बताने का प्रयास कर रही है, जो कि मामले को रफा-दफा करवाने की साजिश है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नामजद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, पुलिस मामले में हीलाहवाली बरत रही है। एलान किया कि मृतक के परिजनों को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
तय हुआ कि संघर्ष समिति के बैनर तले शनिवार 23 दिसंबर को जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया जाएगा। धरने पर संघर्ष समिति के अध्यक्ष हरीश कनवाल, महासचिव जवाहर सिंह गनघरिया, केपी जोशी, श्याम सिंह रावत, राजू धर्मशक्तू, गोकर्ण सिंह पांगती, पुष्पा खंपा, विमला तिवारी, प्रीति अल्मियां, मीना खुल्बे, दया जंगपांगी, जमुना मर्तोलिया, मंजू, इंद्रा, कमला खंपा, भागीरथी पांगती, लक्ष्मी रावत, डौली मर्तोलिया आदि बैठे।