अल्मोड़ा। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के उपलक्ष्य में यहां माल रोड स्थित गायत्री आरोग्य धाम में हुई गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान पुण्य का कार्य है। रक्तदान कर जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाया जा सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता पूर्व स्वास्थ्य निदेशक डा. जेसी दुर्गापाल ने कहा कि लोगों को बढ़चढ़ कर रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने बताया कि एक महिला को गर्भधारण, शिशु के जन्म के बाद और अन्य लोगों को किसी कारणवश खून की कमी हो जाती है, तो उस समय रक्त की जरुरत पड़ती है। उन्होंने लोगों से जरूरत पड़ने पर रक्त को अस्पताल के ब्लड बैंक से लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पहले धारणा थी कि महिलाएं रक्तदान नहीं कर सकतीं, लेकिन अब महिलाएं भी रक्तदान करने में सबसे आगे हैं। उन्होंने बताया कि हिमोग्लोबिन 12.5 ग्राम कम होने पर रक्तदान नहीं करना चाहिए। गोष्ठी में राजू जोशी, भास्कर, डा. सुधा दुर्गापाल, भीम सिंह अधिकारी, धीरेंद्र बनकोटी आदि मौजूद थे।