अल्मोड़ा। धारानौला में बीते रविवार की सुबह सड़क पर हुए प्रसव के बाद महिला और शिशु का अल्मोड़ा में महिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार मां और बच्ची दोनों स्वस्थ हैं।
मालूम हो कि नगर से कुछ दूर गणेशीगैर में किराए पर रहने वाले पूरन रौतेला की पत्नी सरोज रौतेला को रविवार सुबह प्रसव पीड़ा हुई। पूरन रौतेला ने 108 एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। परिजन पैदल ही सरोज रौतेला को लेकर जिला अस्पताल के लिए रवाना हुए। धारानौला में सड़क पर ही महिला ने बच्ची को जन्म दिया। इस दौरान स्थानीय लोगों की मदद सराहनीय रही। इसके बाद स्थानीय लोगों ने निजी वाहन से महिला को महिला अस्पताल भेजा था।