धौलादेवी क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री की शिकायत
अल्मोड़ा। धौलादेवी ब्लॉक में शराब की अवैध बिक्री से लोगों में रोष है। उन्होंने दन्यां के थानाध्यक्ष को ज्ञापन देकर क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि धौलादेवी-खेती मार्ग में कुछ दुकानदार अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहे हैं। इससे क्षेत्र में अराजकता का माहौल पैदा हो रहा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि धौलादेवी-खेती मार्ग में मलाण तक कुछ दुकानदार अवैध रूप से शराब बेच रहे हैं। शराबियों के आतंक से स्कूली छात्राओं और महिलाओं को खासी परेशानी हो रही है। विवाह जैसे कार्यक्रमों में भी व्यवधान हो रहा है।
ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में दुकानदारों द्वारा बेची जा रही अवैध शराब पर अंकुश लगाने की मांग की है। चेतावनी दी है कि अन्यथा ग्रामीण आंदोलन को बाध्य होंगे। ज्ञापन देने वालों में कलौटा के बीडीसी सदस्य दीवान राम, गोकुल पांडे, तारा चंद्र पांडे, आनंद राम, दयाकिशन पांडे, रमेश चंद्र गुरुरानी, आन सिंह जीना, बसंत बल्लभ, नवीन जोशी, कैलाश चंद्र पांडे, चंदन भट्ट, मदन लाल साह, गोविंद बल्लभ पांडे आदि शामिल हैं।