अल्मोड़ा। जीवीके कंपनी का चार्ज नई कंपनी कैंप के पास जाने से जिले में कुछ स्थानों में 108 एंबुलेंस और खुशियों की सवारी सेवा संचालित हो गई है। मंगलवार को अल्मोड़ा, रानीखेत, द्वाराहाट और चौखुटिया में 108 एंबुलेंस चलनी शुरू हो गई है।
वहीं नगर में खुशियों की सवारी भी प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को घर छोड़ने लगी है। जीवीके कंपनी 108 एंबुलेंस के प्रभारी शैलेंद्र मैठाणी ने बताया कि जिले की सभी एंबुलेंस की चाबियां नई कंपनी को हैंडओवर करने का काम जारी है।
बुधवार तक सभी एंबुलेंस नई कंपनी के जिला प्रभारी कमल शर्मा को सौंप दी जाएंगी। मालूम हो जिले में 108 एंबुलेंस के 12 और खुशियों की सवारी के आठ वाहन हैं। जीवीके कंपनी का करार खत्म होने से नाराज कर्मचारी पिछले एक हफ्ते से वाहन नहीं चला रहे थे। जिससे 108 सेवा का लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा था। वहीं मंगलवार को कुछ वाहन नई कंपनी के हैंडओवर होने के बाद एंबुलेंस चलने लग गई हैं।