अल्मोड़ा। दो साल पहले मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल कोसी बैराज के पास वाटर एडवेंचर स्पोर्ट्स सेंटर खोलने की योजना पूरी नहीं हो सकी है। योजना के तहत बैराज के पास बनी झील में तीन करोड़ रुपये की लागत से केनोइंग, राफ्टिंग और वाटर खेलकूद जैसे साहसिक खेल गतिविधियां शुरू करने की बात कही गई थी। काम तो शुरू नहीं हुआ, लेकिन शासन ने तीन करोड़ की योजना को घटाकर 79 लाख कर दिया है और दोबारा आंगणन भेजने के निर्देश विभाग को दिए हैं।
पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए दो साल पहले मुख्यमंत्री ने कोसी बैराज के पास खेल गतिविधियां शुरू करने के लिए तीन करोड़ रुपये की घोषणा कर योजना को हरी झंडी दी थी। जिसमें लैंड स्केप पार्क निर्माण, रोपकोर्स एक्टिविटी, बायो टायलेट, आर्टीफिशियल वॉल के अलावा पर्यटकों के लिए टेंट कालोनी के निर्माण की योजना प्रस्तावित की गई थी। बैराज झील में केनोइंग और वाटर स्कूटर जैसे साहसिक खेल भी होने थे, लेकिन योजना अभी तक परवान नहीं चढ़ सकी है।
पर्यटन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार शासन ने योजना की लागत को घटाकर 79.45 लाख करते हुए पर्यटन विभाग से दोबारा आंगणन बनाने को कहा है। जिसमें महिला पुरुष हाईटेक शौचालय, वाहन पार्किंग, चिल्ड्रन पार्क के अलावा आसपास विद्युतिकरण किया जाना शामिल है।
इधर जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि संशोधित आंगणन तैयार कर स्वीकृति के लिए शासन को भेज दिया गया है। नौकायन और साहसिक खेल जैसी गतिविधियां पर्यटन विभाग इसमें शुरू करेगा।