अल्मोड़ा। मां के साथ घास काटने जंगल गई 16 वर्षीय छात्रा को सांप ने काट लिया। परिजन पुत्री को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उसकी उपचार से पहले ही मौत हो गई। पुत्री की मौत से परिजन सदमे में हैं।
जानकारी के अनुसार बनकोट गोविंदपुर कोसी निवासी कक्षा 11वीं की छात्रा सपना चिलवाल पुत्री शिवपाल सिंह बुधवार सुबह अपनी मां और दो छोटी बहनों के साथ जंगल घास काटने गई।
इसी दौरान एक सांप ने उसके दाएं पैर में काट लिया। आनन-फानन में परिजन पुत्री को लेकर बेस अस्पताल पहुंचे, लेकिन बेस अस्पताल से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार से पहले ही सपना ने दम तोड़ दिया। सपना अपने परिवार में सबसे बड़ी थी। उसके दो और छोटी बहनें भी हैं। अस्पताल में पुत्री की मौत के बाद उसके पिता सदमे में हैं। उन्होंने बेस अस्पताल पर तुरंत इलाज नहीं करने का आरोप भी लगाया।