अल्मोड़ा। हिंदू जागरण मंच ने प्रदेश और जिले में फैल रहे नशे से कारोबार पर गंभीर चिंता जताई है। पुलिस प्रशासन से नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई करने की मांग उठाई। तय हुआ कि मंच कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराएंगे।
वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड में फैल रहा नशे का कारोबार चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि दो दिन पूर्व धामस क्षेत्र में हुई घटना पूरे समाज के लिए घातक है। इससे स्पष्ट है कि नशे की कुप्रवृत्ति ग्रामीण क्षेत्रों तक पैर पसार चुकी है। धामस में नशीली सामग्री के साथ पकड़े गए आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। विभागाध्यक्ष अनूप साह ने कहा कि पूर्व सैनिकों और नवयुवकों के सहयोग से ग्राम सुरक्षा समिति का गठन किया जाएगा।
प्रदेश मंत्री जगदीश जोशी ने कहा कि देश की राष्ट्रीय सुरक्षा को कमजोर करने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय साजिश के तहत सैनिक बहुल उत्तराखंड के युवाओं को नशे का आदि बनाया जा रहा है। नगर अध्यक्ष दीप सुंदर बिष्ट ने कहा कि शहर में नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए मंच के कार्यकर्ता संदिग्ध स्थानों, बिलर्यड केंद्र आदि स्थानों पर निगरानी रखेंगे। बैठक में जिला उपाध्यक्ष अमन नज्जौन, संजय बिष्ट, जिला महामंत्री नमित कुमार शर्मा, नगर उपाध्यक्ष सचिन डंगवाल, महामंत्री नितिन रावत आदि ने भाग लिया। बाद में इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा गया।