अल्मोड़ा। विश्व शांति की कामना से हरिद्वार हरकी पौड़ी से शुरू हुई बाबा विश्वनाथ मां जगदीशिला 19वीं डोली रथयात्रा विभिन्न स्थानों से होकर 13वें दिन रविवार शाम अल्मोड़ा पहुंची। यात्रा के नगर में पहुंचने पर सिद्धबाबा नौले मंदिर के पास जगदीशिला डोली तथा यात्रियों का स्वागत किया गया। सिद्धबाबा नौले मंदिर से जगदीशिला डोली रथयात्रा नगर के पल्टन बाजार, थाना बाजार, जौहरी बाजार, गंगोला मोहल्ला होकर नंदा देवी मंदिर प्रांगण में पहुंची। यात्रा में शामिल लोग ढोल-दमाऊ की थाप पर बाबा विश्वनाथ मां जगदीशिला के जयकारे लगा रहे थे। मंदिर में यात्रियों का स्वागत किया गया। यात्रा संयोजक पूर्व कबीना मंत्री मंत्रीप्रसाद नैथानी हैं। अल्मोड़ा पहुंचने पर यात्रा में निवर्तमान पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, पूर्व सभासद सचिन टम्टा, दीपक साह, वैभव पांडे, पूरन रौतेला, जगदीश पांडे, बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष शेखर लख्चौरा, प्रकाश भट्ट भी शामिल हुए। रात्रि विश्राम के बाद यात्रा सोमवार को अगले पड़ाव को रवाना होगी।