अल्मोड़ा। कनारीछीना में किराए के भवन में चल रहे राजकीय प्राथमिक अस्पताल का भवन सड़क से पांच किमी दूर नौगांव में बनाने का क्षेत्र के ग्रामीणों ने विरोध किया है। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर अस्पताल का निर्माण कनारीछीना में ही करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल भवन के लिए वह भूमि भी देने को भी तैयार हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में अस्पताल कनारीछीना में किराए के भवन में चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग द्वारा अब अस्पताल के भवन का निर्माण कनारीछीना से चार से पांच किमी की पैदल दूरी पर नौगांव में किया जा रहा है। सड़क के अभाव में वहां वाहन भी नहीं जा सकते हैं। इससे 108 एंबुलेंस की सुविधा से भी मरीज वंचित रह जाएंगे, जबकि ग्रामीण कनारीछीना के निकट ही भूमि अस्पताल के लिए देने को तैयार हैं।
अस्पताल के सड़क के किनारे बनने से लोगों को सुविधा होगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि नौगांव में यदि अस्पताल भवन का निर्माण किया गया तो कनारीछीना, कुनखेत, कसाणबैंड, लिंगुणता, मंगलता, खुडियारी, हटौला, पभ्या के ग्रामीण आंदोलन को बाध्य होंगे।
ज्ञापन देने वालों में भगवान सिंह रावल, प्रकाश सिंह, गोपाल सिंह, कृष्ण सिंह, खीमपाल, सिंह, चंदन बिष्ट, केशर सिह, महिपाल सिंह, जैंत सिंह आदि शामिल हैं।